शहडोल में विकास की लहर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की 2300 करोड़ की सिंचाई परियोजना और वॉटर पार्क की घोषणा

धनपुरी (शहडोल): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी में ₹20 करोड़ की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वॉटर पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के लिए विकास की कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिनमें सबसे प्रमुख ‘शहडोल सिंचाई कॉम्प्लेक्स’ है। ₹2300 करोड़ की इस महात्वाकांक्षी योजना के तहत सोन नदी पर 4 माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं बनाई जाएंगी, जिससे 122 गांवों की 50 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाने, जैतपुर महाविद्यालय में नए भवन निर्माण और जिले में ₹160 करोड़ की लागत से 45 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण का ऐलान किया। साथ ही, जैतपुर को अब नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि “सच्चा वादा-पक्का काम” ही उनकी सरकार की मूल पहचान है।



