मध्यप्रदेश में मत्स्य उत्पादन दोगुना करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘मछुआ समृद्धि’ के लिए दिए नई कार्य योजना के निर्देश

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग की समीक्षा करते हुए प्रदेश में मत्स्य उत्पादन को दोगुना करने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार किसानों और मछुआरों की आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में ऐसा इको-सिस्टम विकसित किया जाए जिससे मछुआरों का आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत मत्स्य पालकों के लिए विशेष कार्य योजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को मछली पालन में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सीड प्रोडक्शन (बीज उत्पादन) बढ़ाने और मत्स्य महासंघ के संसाधनों का सुव्यवस्थित उपयोग करने की आवश्यकता है। कम भू-जल स्तर वाले जिलों के लिए उन्होंने ‘फॉर्म पॉन्ड मॉडल’ का सुझाव दिया, जहाँ मछली पालन के साथ-साथ सिंघाड़ा, मखाना और कमल गट्टा जैसी एक्वाकल्चर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।



