मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दमोह को बड़ी सौगात: नोहटा बनेगा नगर परिषद, जिले के लिए 600 करोड़ की सिंचाई परियोजना मंजूर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को दमोह जिले के नोहटा में आयोजित ‘नोहलेश्वर महोत्सव’ और किसान सम्मेलन में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं कीं। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने नोहटा को नगर परिषद बनाने और दमोह में 2 करोड़ रुपये की लागत से ‘गीता भवन’ के निर्माण की घोषणा की।
कृषि और सिंचाई पर जोर: किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 600 करोड़ रुपये की लागत वाली बांदकपुर-सेमरखो जलाशय क्षमता वृद्धि सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। इससे जिले के 33 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘केन-बेतवा लिंक परियोजना’ से दमोह के 300 से अधिक गांवों की प्यास बुझेगी। इसके साथ ही, जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगाए गए 69 जैविक हाटों की सफलता की भी सराहना की गई।
पर्यटन और खेल विकास: मुख्यमंत्री ने दमोह में 10 करोड़ रुपये की लागत से वॉटर स्पोर्ट्स और बोट क्लब विकसित करने तथा तेंदूखेड़ा एवं हटा में नए खेल स्टेडियम बनाने का ऐलान किया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर का भी अभिनंदन किया गया।



