मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली पहुँचकर दी श्रद्धांजलि; ‘आज़ाद कुटिया’ में प्रदर्शनी का किया अवलोकन

अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की 95वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली चंद्रशेखर आज़ाद नगर पहुँचे। यहाँ उन्होंने ऐतिहासिक ‘आज़ाद कुटिया’ में शहीद आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कुटिया परिसर में स्थित संग्रहालय और प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जहाँ आज़ाद के जीवन संघर्ष और क्रांतिकारी गतिविधियों से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज़ और स्मृति चिह्न संरक्षित हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज़ाद जैसे वीरों ने कठिन परिस्थितियों में भी स्वतंत्रता की मशाल को जलाए रखा। उन्होंने आदिवासी अंचल के नायकों, विशेषकर शहीद छीतू किराड़ के योगदान को भी याद किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



