कूनो में गूँजेगी घड़ियालों की गूँज: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कूनो नदी में छोड़े 53 घड़ियाल और 25 कछुए

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कूनो नेशनल पार्क की कूनो नदी में 53 घड़ियाल और 25 कछुए रिलीज किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विलुप्त होती प्रजातियों के संरक्षण के संकल्प के साथ काम कर रही है। छोड़े गए घड़ियालों में 28 नर और 25 मादा शामिल हैं, जिनका वैज्ञानिक नाम ‘गेवेलियस गेंगेटिक्स’ है। साथ ही ‘वाटागुरु डोगोका’ प्रजाति के 25 कछुए भी नदी में छोड़े गए।
मुख्यमंत्री ने चीता प्रोजेक्ट की सफलता का भी जिक्र किया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से प्रदेश में चीतों की संख्या अब 48 तक पहुँच गई है। पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में आने वाले सैलानियों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है।



