ईरान-इजराइल युद्ध के बीच फंसे उज्जैन के जैन परिवार की सुरक्षित वापसी; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से हुआ संभव

अंतरराष्ट्रीय युद्ध की विभीषिका के बीच सात समंदर पार फंसे एक भारतीय परिवार के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संकटमोचक बनकर उभरे। उज्जैन का तल्लेरा (जैन) परिवार, जो ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और उड़ानों के रद्द होने के कारण शारजाह में फंस गया था, मुख्यमंत्री के विशेष हस्तक्षेप के बाद सकुशल घर लौट आया है।
शनिवार को उज्जैन आगमन पर श्री अशोक तल्लेरा और उनके परिवार ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन किया। परिवार ने बताया कि युद्ध की स्थिति में जब वापसी की राह कठिन हो गई थी, तब मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए तुरंत आवश्यक प्रबंध किए और उनकी वापसी सुनिश्चित करवाई। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव भी मौजूद थीं।



