भारत-सेशेल्स संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘लामितिये-2026’ का आगाज; भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना का दल पहुंचा सेशेल्स

सेशेल्स: भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी सेशेल्स रक्षा बलों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘लामितिये-2026’ के 11वें संस्करण में हिस्सा लेने के लिए सेशेल्स पहुंच गई है। यह द्विवार्षिक अभ्यास 9 मार्च से 20 मार्च 2026 तक सेशेल्स रक्षा अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। गौरतलब है कि ‘लामितिये’ का क्रियोल भाषा में अर्थ ‘मित्रता’ होता है और यह साझा प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्ष 2001 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।
इस बार अभ्यास में भारत की तीनों सेनाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी देखी जा रही है। भारतीय दल में असम रेजिमेंट के जवानों के साथ-साथ नौसेना और वायुसेना के कर्मी भी शामिल हैं। सामरिक शक्ति के प्रदर्शन के लिए भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद और वायुसेना का सी-130 विमान भी इस मिशन का हिस्सा हैं। 12 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का समापन दो दिनों के सत्यापन अभ्यास के साथ होगा, जिसमें फील्ड ट्रेनिंग और केस स्टडीज के माध्यम से सैन्य कौशल को परखा जाएगा।



