रबी उपार्जन 2026-27: गेहूं खरीदी की निगरानी के लिए मंत्री-मंडल समिति गठित, 5 मंत्रियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भोपाल: मध्यप्रदेश शासन ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए एक उच्च स्तरीय मंत्री-मंडल समिति का गठन किया है। यह समिति मुख्य रूप से गेहूं खरीदी की निगरानी, समीक्षा और बारदानों (बैग्स) की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का कार्य करेगी।
समिति में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना, खाद्य मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत और राज्यमंत्री श्री लखन पटेल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त को इस समिति का संयोजक बनाया गया है, जबकि खाद्य एवं कृषि विभागों के सचिव स्थाई आमंत्रित सदस्य रहेंगे। यह समिति केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप मुख्यमंत्री को अपनी अनुशंसाएं सौंपेगी। समिति का कार्यकाल 30 जून, 2026 तक निर्धारित किया गया है।


