मध्यप्रदेश बनेगा ‘ग्रीन पॉवर स्टेट’: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 8 लाख किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए बांटे अनुबंध पत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिवस (25 मार्च) के अवसर पर प्रदेश के किसानों को ‘सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना’ की सौगात दी। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने योजना के अंतर्गत विद्युत क्रय अनुबंधों का वितरण शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4,000 मेगावाट क्षमता वाली इस योजना से प्रदेश के लगभग 8 लाख कृषि पंप सीधे सौर ऊर्जा से संचालित होंगे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2026 को ‘कृषि कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी संकल्प के तहत यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश अब केवल ‘पॉवर स्टेट’ नहीं बल्कि ‘ग्रीन पॉवर स्टेट’ बनने की ओर अग्रसर है। इस योजना के माध्यम से किसानों को 2.40 रुपये से 2.85 रुपये प्रति यूनिट की बेहद किफायती दर पर बिजली उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में रतलाम, खरगोन, उज्जैन, मंदसौर और राजगढ़ सहित विभिन्न जिलों के हितग्राहियों को अनुबंध पत्र सौंपे गए।



