पश्चिम बंगाल दौरे में प्रधानमंत्री मोदी का ‘झालमुड़ी मोमेंट’ बना वायरल, सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड व्यूज

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग और सहज अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। झारग्राम के दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोकप्रिय स्ट्रीट फूड ‘झालमुड़ी’ का आनंद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और रिकॉर्ड स्तर पर देखा जा रहा है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो ने केवल 24 घंटों के भीतर 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि फेसबुक पर भी यह 90 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है और लगातार आगे बढ़ रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स इस वीडियो को बड़े पैमाने पर साझा कर रहे हैं। लोग प्रधानमंत्री के इस जमीन से जुड़े अंदाज की सराहना कर रहे हैं और इसे उनके “ग्राउंड कनेक्ट” का उदाहरण बता रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने का असर यह भी देखने को मिला कि ‘झालमुड़ी’ के प्रति लोगों की रुचि अचानक बढ़ गई है।

गूगल सर्च ट्रेंड्स के अनुसार, ‘झालमुड़ी’ शब्द की खोज पिछले 22 वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि एक साधारण स्थानीय खाद्य पदार्थ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

इस घटना से जुड़े दुकानदार विक्रम शॉ भी काफी भावुक और आश्चर्यचकित नजर आए। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि देश के प्रधानमंत्री उनकी छोटी सी दुकान पर आएंगे। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री ने दुकान पर पहुंचते ही सबसे पहले उनका नाम और हालचाल पूछा, फिर उनसे झालमुड़ी बनाने के लिए कहा। जब उन्होंने पैसे लेने से इनकार किया, तो प्रधानमंत्री के आग्रह पर ही उन्होंने भुगतान स्वीकार किया। शॉ ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि उन्हें इस बात का थोड़ा अफसोस है कि वह प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ नहीं ले सके।

इस दौरान प्रधानमंत्री स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए, बच्चों और महिलाओं के साथ झालमुड़ी साझा करते और मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उनका यह सरल और आत्मीय व्यवहार इस पूरे पल को और भी यादगार बना गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button