मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर काल बनकर टूटा कहर: एक सप्ताह में 2.29 करोड़ का माल जब्त, प्रदेशभर में बड़ी गिरफ्तारियां

मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के काले कारोबार के विरुद्ध एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाकर तस्करों की कमर तोड़ दी है। नीमच, मंदसौर, भिंड और शहडोल सहित कई जिलों में की गई छापामार कार्रवाई में 2 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए गए हैं।
-
नीमच एवं मंदसौर: नीमच की जीरन पुलिस ने एक ट्रक से 6 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा पकड़ा, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा है। मंदसौर के नाहरगढ़ और शामगढ़ में भी पुलिस ने भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया।
-
भिंड एवं ग्वालियर: भिंड पुलिस ने 138 किलो गांजा और ग्वालियर की क्राइम ब्रांच ने स्मैक व गांजे के साथ कई तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा।
-
इंदौर एवं आगर मालवा: इंदौर क्राइम ब्रांच ने 12 लाख रुपये से अधिक की ‘MD’ ड्रग्स जब्त की, वहीं आगर मालवा में भी 41 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी पकड़ा गया।
-
शहडोल एवं जबलपुर: शहडोल में ओडिशा से लाया जा रहा 200 किलो गांजा और स्मैक पकड़ी गई। जबलपुर में क्राइम ब्रांच ने महिलाओं सहित 6 आरोपियों को 26 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया।



