ग्वालियर की छत से दक्षिण अफ्रीका के मैदान तक: अनुष्का शर्मा ने रचा इतिहास, कप्तान हरमनप्रीत ने सौंपी ‘टीम इंडिया’ की कैप

संकल्प जब अटूट हो, तो रास्ते खुद-ब-खुद बन जाते हैं। ग्वालियर की अनुष्का शर्मा ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय टीम की ‘प्लेइंग इलेवन’ में शामिल होकर अनुष्का ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना शानदार पदार्पण (डेब्यू) किया है। मैदान पर कप्तान हरमनप्रीत कौर द्वारा उन्हें ‘नीली कैप’ पहनाया जाना न केवल अनुष्का के लिए, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण रहा।
पिता का संघर्ष और बेटी की लगन: अनुष्का के इस सफर के सबसे बड़े सारथी उनके पिता श्री ब्रजमोहन शर्मा रहे। कोरोना काल के कठिन समय में जब खेल के मैदान बंद थे, तब उनके पिता ने घर की छत को ही ‘कुरुक्षेत्र’ बना दिया। छत पर नेट लगवाया और एक हिस्से को जिम में तब्दील कर दिया। तपती धूप में घर की छत से शुरू हुई यह मेहनत आज अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की रोशनी तक जा पहुंची है।
नारी शक्ति का प्रतीक: प्रदेश में मनाए जा रहे “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के बीच अनुष्का की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण का वैश्विक उदाहरण बन गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अनुष्का के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।



