भोपाल में नशे के खिलाफ सड़क पर उतरे 6 हजार लोग, पुलिस कमिश्नरेट ने आयोजित की मैराथन

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा राज्यव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के तहत भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में रविवार को “रन फॉर लाइफ” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और डीजीपी कैलाश मकवाणा की अगुवाई में आयोजित इस दौड़ में लगभग 6,000 शहरवासियों ने भाग लिया। इस विशाल आयोजन के जरिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने आम जनता, विशेषकर युवाओं को नशे के घातक प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नशामुक्त जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।

इस सामाजिक पहल में विद्यार्थियों, खेल जगत की हस्तियों, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों, नगर रक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर भाग लिया। प्रतिभागियों की भारी मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह में पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें एडीजी (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मोनिका शुक्ला और शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी अखिल पटेल, तथा एडिशनल डीसीपी नीतू ठाकुर व रश्मि अग्रवाल दुबे प्रमुख रूप से शामिल थे।

जनसामान्य की सुविधा और फिटनेस स्तर को ध्यान में रखते हुए स्पर्धा को 2 किमी वॉकथॉन, 5 किमी रन और 10 किमी मैराथन के वर्गों में बांटा गया था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। स्पर्धा समाप्त होने के उपरांत सभी विजयी प्रतिभागियों को पदक व प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता के 10 किमी वर्ग (45 वर्ष से अधिक पुरुष) में पुलिस आयुक्त संजय कुमार प्रथम और भगवान सिंह द्वितीय रहे। 45 वर्ष से कम महिला श्रेणी में रमा यादव ने पहला व शीतल रजत ने दूसरा स्थान पाया, जबकि इसी आयु वर्ग के पुरुषों में मंगल बघेल प्रथम व उदय प्रताप तोमर द्वितीय स्थान पर रहे। 5 किमी वर्ग (45 वर्ष से अधिक) में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने महिला वर्ग में और राजेंद्र सिंह ने पुरुष वर्ग में बाजी मारी। 45 से कम महिला वर्ग में निकिता मिश्रा प्रथम व शकुंतला केवट द्वितीय तथा पुरुष वर्ग में सूरज लोधी प्रथम व मोहित यादव द्वितीय स्थान पर रहे।

समापन अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, विभिन्न संगठनों और सहयोगी विभागों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के हर नागरिक से इस अभियान से जुड़कर मध्य प्रदेश को पूरी तरह स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त बनाने में अपना निरंतर योगदान देने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button