किसानों की सुविधा के लिए सरकार का बड़ा फैसला: उपार्जन केंद्रों पर बढ़े तौल कांटे, स्लॉट बुकिंग की क्षमता भी 1500 क्विंटल हुई

प्रदेश के किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए खाद्य मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने केंद्रों पर नई व्यवस्थाओं की घोषणा की है। उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है ताकि लंबी कतारों से बचा जा सके। साथ ही, प्रतिदिन प्रति केंद्र स्लॉट बुकिंग की क्षमता को 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल कर दिया गया है।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान, पेयजल, बारदाने, और उपज की सफाई के लिए पंखा व छनने जैसी सुविधाएं अनिवार्य की गई हैं। तकनीकी सुधार करते हुए यह भी सुनिश्चित किया गया है कि यदि सेटेलाइट मिलान में कुछ खसरों में विसंगति है, तो उन्हें छोड़कर शेष सही खसरों पर किसान अपना गेहूँ बेच सकें। अब तक उपार्जित गेहूँ में से 51.75 लाख क्विंटल का सुरक्षित परिवहन भी पूरा कर लिया गया है।



