मुख्यमंत्री 9वें अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज दुनिया को युद्ध की नहीं, बुद्ध के बताये ज्ञान पर अमल की जरूरत है। भगवान बुद्ध का मार्ग ही विश्व शांति का मार्ग है। यह मार्ग हमें मन की शांति, करूणा, प्रेम, अपनत्व और विश्व बंधुत्व की ओर ले जाता है। मुख्यमंत्री ने बुद्ध के विचारों और शिक्षाओं को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि उनका संदेश दुनिया में शांति और सद्भाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल के चूना भट्टी क्षेत्र में आयोजित 9वें अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों द्वारा चयनित विभूतियों को “अंतर्राष्ट्रीय बुद्ध शांति पुरस्कार” प्रदान किया तथा महोत्सव पर आधारित “स्मारिका” का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक महोत्सवों से समाज में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के संदेश का प्रसार होता है। बौद्ध महोत्सव में देश-विदेश से आए बौद्ध विद्वानों और अनुयायियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बौद्ध दर्शन और उसके माध्यम से विश्व शांति की स्थापना को बढ़ावा देना था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज में समरसता लाने के लिए बुद्ध का बताया मार्ग सर्वश्रेष्ठ है। हम इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सरकार बौद्ध समाज के साथ मिलकर विकास के कार्य करेगी। बौद्ध समाज की मांग पर मुख्यमंत्री ने चूना भट्टी स्थित स्थल को स्थायी बौद्ध भूमि घोषित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हम सब एक हैं और सब मिलकर इस पवित्र बौद्ध भूमि का विकास करेंगे।